खबरें शेयर करें -

स्कूल जाने निकलीं तीन लड़कियां पहुंचीं हिमाचल, नैनीताल पुलिस ने बद्दी से किया सकुशल बरामद!

चोरगलिया से 18 सितंबर को हुई थीं लापता, सीसीटीवी और सर्विलांस के जरिए पुलिस ने तलाशे सुराग—नौकरी की तलाश में घर से निकलने की बात सामने आई!

हल्द्वानी। चोरगलिया क्षेत्र से स्कूल जाने के बाद लापता हुईं तीन लड़कियों को नैनीताल पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के बद्दी से सकुशल बरामद कर लिया। कई दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन में पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से लड़कियों की लोकेशन का पता लगाया।

जानकारी के मुताबिक, 18 सितंबर को चोरगलिया निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी दो बेटियां सुबह स्कूल जाने के लिए निकली थीं, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटीं। तलाश के दौरान पता चला कि पड़ोस की एक अन्य लड़की भी उनके साथ लापता है। तीनों में से दो नाबालिग और एक बालिग बताई गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चोरगलिया थाने में बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की गई। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने चोरगलिया से हल्द्वानी, काठगोदाम और रुद्रपुर तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सर्विलांस से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस को तीनों के हिमाचल प्रदेश की ओर जाने का सुराग मिला।

इसके बाद पुलिस टीम ने बद्दी क्षेत्र में पहुंचकर तलाश तेज की और तीनों लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया।

नौकरी की तलाश में घर से निकलने की बात

पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि वे किसी आपराधिक दबाव में नहीं थीं और नौकरी की तलाश में अपनी इच्छा से घर से बाहर गई थीं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में फिलहाल किसी अनहोनी की बात सामने नहीं आई है।

नाबालिगों की काउंसलिंग कराने के साथ उनके कानूनी बयान दर्ज किए गए। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

तीनों के सकुशल लौटने से परिवारों ने राहत की सांस ली है। वहीं, नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर यह स्पष्ट किया है कि नाबालिगों के लापता होने जैसे संवेदनशील मामलों में शुरुआती घंटों में की गई तलाश और तकनीकी सर्विलांस कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

दर्पण न्यूज 24/7 | जनसरोकार की खबर, जिम्मेदारी के साथ

उत्तराखंड