








दीप प्रज्वलन के साथ लघु फिल्म ‘राहत’ का शुभारंभ, मानवीय संवेदनाओं और पारिवारिक रिश्तों की कहानी कहेगी फिल्म!
हल्द्वानी।
सामाजिक सरोकारों, पारिवारिक रिश्तों और मानवीय संवेदनाओं को केंद्र में रखकर तैयार की जा रही लघु फिल्म ‘राहत’ के निर्माण कार्य का शनिवार को शुभारंभ हुआ। लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर फिल्म के निर्माण की औपचारिक शुरुआत की।
करीब 12 मिनट की यह भावनात्मक एवं प्रेरणादायी लघु फिल्म ग्रामीण और शहरी परिवेश की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म के माध्यम से परिवार के भीतर के रिश्तों, संघर्ष, संवेदनशीलता और विपरीत परिस्थितियों में एक-दूसरे के साथ खड़े होने की भावना को प्रभावशाली ढंग से सामने लाने का प्रयास किया गया है।
फिल्म का निर्देशन किशोर श्रीवास्तव कर रहे हैं। साहित्य एवं कला क्षेत्र से जुड़े कलाकार फिल्म में विभिन्न भूमिकाएं निभा रहे हैं। प्रमुख कलाकारों में साहित्यकार आशा शैली, ललिता कापड़ी, यशोदा जोशी, तुलिका सेठ और कैलाश चंद्र शामिल हैं।
फिल्म की कहानी में नितिन, उसकी पत्नी सीमा, मां, छोटे भाई दिनेश, भाभी भूरी, पड़ोसन शांति और एक बच्चे सहित विभिन्न पात्रों के माध्यम से परिवार और समाज के भीतर मौजूद संवेदनशील पहलुओं को उजागर किया गया है। कहानी यह संदेश देने का प्रयास करती है कि कठिन परिस्थितियों में मानवीय सहयोग और पारिवारिक संवेदना किसी व्यक्ति के जीवन में बड़ी राहत बन सकती है।
‘राहत’ का निर्माण ‘हम सब साथ-साथ लघु फिल्म प्रोडक्शन’ के बैनर तले किया जा रहा है, जो हिंदुस्तानी भाषा अकादमी, दिल्ली से संबद्ध है। निर्माताओं के अनुसार फिल्म का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि दर्शकों को मानवीय संवेदनाओं, पारिवारिक जिम्मेदारियों और आपसी सहयोग के महत्व से जोड़ना भी है।
फिल्म के शुभारंभ अवसर पर कलाकारों और पूरी टीम ने उम्मीद जताई कि ‘राहत’ दर्शकों के दिल को छूने के साथ समाज में संवेदना, सहयोग और रिश्तों की अहमियत का संदेश पहुंचाने में सफल होगी।
