खबरें शेयर करें -

बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में CBI जांच की सिफारिश — बीजेपी ने कहा “जनभावनाओं के अनुरूप सकारात्मक फैसला”।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो देहरादून। राज्य सरकार द्वारा बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने की सिफारिश किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने इसे जनभावनाओं के अनुरूप लिया गया सकारात्मक और स्वागतयोग्य कदम बताया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और झूठ का भी पर्दाफाश होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने शुरुआत से ही आरोपितों को जेल भेजकर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का काम किया है। मगर पीड़िता के परिजनों की भावनाओं का सम्मान करते हुए CBI जांच की सिफारिश की गई है।
भट्ट ने आरोप लगाया कि विपक्ष शुरू से ही इस मुद्दे पर सियासत कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि इस मामले में किसी भी तरह का संदेह बाकी न रहे, इसलिए CBI जांच की अनुशंसा की गई है। कांग्रेस द्वारा सरकार पर एक नर्सिंग कॉलेज का नाम पीड़िता के नाम पर रखने को लेकर लगाए गए आरोपों पर भट्ट ने इसे भ्रामक राजनीतिक बयानबाजी बताया और समाज में विभाजन का प्रयास करने वालों की निंदा की। उन्होंने अपील की कि न्याय के नाम पर राजनीति बंद की जानी चाहिए।
ज्ञात हो कि विपक्षी दलों और विभिन्न संगठनों द्वारा मामले की CBI जांच की मांग को लेकर लगातार प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे थे। पहले राज्य सरकार ने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के पुराने निर्णयों का हवाला देते हुए CBI जांच से इंकार किया था।
हाल ही में मुख्यमंत्री ने पीड़िता के माता-पिता से भेंट की, जिसके बाद परिजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से पुनः CBI जांच की अपनी मांग दोहराई। विरोध प्रदर्शन के तहत 11 जनवरी को प्रदेश बंद का आह्वान भी किया गया था। अब सरकार द्वारा CBI जांच की सिफारिश के बाद आने वाले दिनों में विपक्ष और प्रदर्शनकारियों का रुख क्या होगा, इस पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

उत्तराखंड