








पुरानी पेंशन बहाली को लेकर सेवानिवृत्त कार्यप्रभारित कर्मचारियों की हुंकार, सुप्रीम कोर्ट आदेशों के पालन की मांग!
(दर्पण न्यूज 24/7, देहरादून):
संयुक्त संघर्ष समिति, सिंचाई विभाग व लोक निर्माण विभाग, उत्तराखण्ड की एक आपातकालीन बैठक देहरादून में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष खेमराज सिंह कुडरा ने की। इसमें सेवानिवृत्त कार्यप्रभारित से नियमित हुए कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे पर गहन चर्चा की गई।
बैठक में श्री कुडरा ने कहा कि जिन कर्मचारियों की समस्याएं और क्लेम एरिया हैं, वे अपने दस्तावेज शीघ्र समिति को उपलब्ध कराएं, ताकि न्यायिक स्तर पर समाधान कराया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुरूप सभी पात्र कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ मिलना चाहिए तथा उनकी सेवाकाल की गणना करते हुए समस्त लाभ दिए जाने चाहिए।
सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सरकार द्वारा लगातार नियमों में बदलाव किए जाने से कर्मचारियों में भारी रोष है। ऐसे में यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो अवमानना वाद के लिए सभी कर्मचारी एकजुट होकर कदम उठाएंगे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सेवारत कर्मचारी पेंशनर एसोसिएशन के सहयोग से आगामी 16 फरवरी 2026 को रैली निकालकर सीधे विरोध दर्ज कराया जाएगा। साथ ही, मुख्य सचिव कार्यालय में ज्ञापन देने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रधानमंत्री को पत्र लिखने का भी निर्णय लिया गया।
संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि यदि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मचारियों ने दो टूक कहा कि वे अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सपरिवार संघर्ष करने को तैयार हैं।
बैठक में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भाग लिया और पुरानी पेंशन बहाली को लेकर एकजुटता दिखाई।
