‘चोरों का खेल खत्म’… हल्द्वानी पुलिस का डबल धमाका, दो शातिर दबोचे; बेस अस्पताल से चुराए एसी पाइप से लेकर मंदिर की मूर्तियां तक बरामद!
दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का खुलासा, लाखों का माल बरामद, एसएसपी ने टीम को दिया ₹1500 का इनाम!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। शहर में लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बीच हल्द्वानी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग मामलों का एक साथ खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है। बरामदगी में एलईडी टीवी, लैपटॉप, मोबाइल, मंदिर की पीली धातु की मूर्तियां, सीलिंग फैन और बेस अस्पताल से चोरी किए गए स्प्लिट एसी के कॉपर पाइप तक शामिल हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से यह साफ हो गया कि वारदात को अंजाम देने वाले शातिर ज्यादा दिनों तक कानून की नजरों से बच नहीं सके। मामले के सफल खुलासे पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को ₹1500 का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
एक ही दिन हुई थीं दो बड़ी चोरियां।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को बेड़ापोखरा निवासी हेमंत सिंह ने अपने घर का ताला तोड़कर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। चोर घर से 42 इंच की एलईडी टीवी, डेल लैपटॉप, सोनी एंड्रॉयड मोबाइल, हैवेल्स सीलिंग फैन, मंदिर की पीली धातु की मूर्तियां और अन्य कीमती सामान समेट ले गए थे।
इसी दिन सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. खड़क सिंह दलाल ने अस्पताल परिसर से स्प्लिट एसी के कॉपर पाइप चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से पहुंचे चोरों तक।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल और सीओ अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों मामलों की गुत्थी सुलझा ली।
पुलिस ने रितिक बिष्ट उर्फ गोलू निवासी धारानौला, अल्मोड़ा तथा ऋषभ अग्रवाल निवासी फूलबट्टा, उधमसिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद हुआ चोरी का पूरा खजाना
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने—
42 इंच एलईडी टीवी
डेल लैपटॉप
सोनी मोबाइल
मंदिर की चार पीली धातु की मूर्तियां
दो झूले
तांबे की आचमनी
हैवेल्स सीलिंग फैन
बेस अस्पताल से चोरी किए गए स्प्लिट एसी के कॉपर पाइप
सहित लाखों रुपये का सामान बरामद किया।
एक आरोपी पहले भी है अपराधी।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी रितिक बिष्ट उर्फ गोलू के खिलाफ पहले से चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों ने सुलझाई गुत्थी।
इस सफल कार्रवाई में चौकी प्रभारी टीपी नगर मनोज कुमार, चौकी प्रभारी मंगलपड़ाव दीपक सिंह कार्की, हेड कांस्टेबल इसरार नबी, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, धीरेन्द्र सिंह अधिकारी और अनिल टम्टा की अहम भूमिका रही।
— दर्पण न्यूज 24×7
“सच का आईना, जनता की आवाज़”
