खबरें शेयर करें -

बाल संरक्षण को लेकर एवरग्रीन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गोष्ठी, अभिभावकों से बच्चों के विकास में सक्रिय भागीदारी का आह्वान।

हल्दूचौड़। बेरीपड़ाव स्थित एवरग्रीन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों को लेकर गोष्ठी आयोजित की गई। उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में शिक्षक-अभिभावक संघ, स्कूल प्रबंधन समिति, अभिभावक, विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राएं और विद्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने अभिभावकों और छात्र-छात्राओं को बाल संरक्षण आयोग के कार्यों, बाल अधिकारों और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों से संवाद करते हुए कहा कि बच्चों के शैक्षणिक और सामाजिक विकास के लिए अभिभावकों और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। अभिभावक विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के साथ निरंतर संवाद करते हुए बच्चों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास करें।

खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह ने छात्र-छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबरों और बच्चों की सहायता के लिए उपलब्ध विभिन्न संसाधनों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच संबंधित अधिकारियों या हेल्पलाइन से संपर्क करने का आह्वान किया।

गोष्ठी में बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष देवकी आर्य, सदस्य विनीता पाठक और चाइल्ड कोऑर्डिनेटर किरण पंत सहित परिवहन विभाग के आरआई एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका कु. मीनाक्षी भट्ट ने किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक गौरव पाठक, मैनेजिंग डायरेक्टर सौरभ पाठक, प्रधानाचार्य मोहन सिंह परवाल,  इंद्रा एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्या कमला जोशी, सेमफोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल जयपुर बीसा की प्रधानाचार्या संतोष पांडेय समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

उत्तराखंड