उत्तराखंड के 25 वर्षों के आर्थिक विश्लेषण पर महाविद्यालय में भाषण प्रतियोगिता,
तनुजा मेहरा प्रथम।
दर्पण न्यूज 24*7
संवाददाता
रानीखेत।
उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर “उत्तराखंड का आर्थिक विश्लेषण” विषय को केंद्र में रखते हुए महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा सोमवार को एक प्रभावी भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने किया। उन्होंने राज्य के तीनों प्रमुख आर्थिक क्षेत्रों—कृषि, उद्योग व सेवा क्षेत्र—के योगदान पर विस्तृत प्रकाश डाला तथा उत्तराखंड की 25 वर्षों की आर्थिक यात्रा को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ता बताया।
अर्थशास्त्र विभाग की प्रभारी डॉ. नमिता मिश्रा ने उत्तराखंड में बढ़ते पलायन पर चिंता जताई और युवाओं को स्वरोजगार अपनाने की प्रेरणा दी। वहीं डॉ. संगीता ने सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में उत्तराखंड की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विविध विषयों पर सारगर्भित प्रस्तुतियां दीं—
तनुजा मेहरा ने विभिन्न क्षेत्रों में हुए आर्थिक विकास को रेखांकित किया।
दिव्यानी ने पर्यटन क्षेत्र के जीडीपी पर प्रभाव को बताया।
मुस्कान ने पर्यटन आधारित आर्थिक संभावनाओं पर चर्चा की।
बबीता ने अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
पंकज कुमार ने उत्तराखंड के भूतिया गांवों की समस्या को मुद्दा बनाया।
निर्जला ने शिक्षा क्षेत्र के आर्थिक योगदान पर बोलते हुए अहम सुझाव दिए।
निर्णायक मंडल में हिंदी विभाग की प्रभारी डॉ. निर्मला जोशी और भूगोल विभाग के प्रभारी डॉ. बी.बी. भट्ट शामिल रहे। डॉ. भट्ट ने कृषि क्षेत्र में आई गिरावट को गंभीर चिंता बताते हुए विद्यार्थियों को किचन गार्डन अपनाने की प्रेरणा दी। वहीं डॉ. जोशी ने अपनी स्वरचित कविताओं के माध्यम से शिक्षा और युवा योगदान की महत्ता पर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता में 105 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परिणाम इस प्रकार रहे—
प्रथम स्थान – तनुजा मेहरा (एम.ए. तृतीय सेमेस्टर)
द्वितीय स्थान – दिव्यानी (एम.ए. तृतीय सेमेस्टर)
तृतीय स्थान – मुस्कान (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर)
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. पारुल भारद्वाज ने उत्तराखंड के आर्थिक परिदृश्य पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए किया।
यह कार्यक्रम विद्यार्थी प्रतिभा, विषय ज्ञान और उत्तराखंड की भावी आर्थिक दिशा पर सार्थक मंथन का सशक्त मंच साबित हुआ।
दर्पण न्यूज 24*7 डेस्क
