








उर्वरक वितरण में सख्ती, गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई!
दर्पण न्यूज 24/7 नैनीताल/हल्द्वानी। जनपद में उर्वरकों की कमी और अनियमित वितरण की शिकायतों के बीच कृषि विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। मुख्य कृषि अधिकारी ने आदेश जारी कर सहकारी समितियों और विक्रेताओं को पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि किसानों को उनकी खतौनी के अनुसार ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा और निर्धारित सीमा से अधिक खाद देने पर रोक रहेगी। विक्रेताओं को बिक्री का पूरा रिकॉर्ड संधारित करना होगा, जबकि बिना आवश्यकता अधिक मात्रा देने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
कृषि विभाग ने यह भी साफ किया है कि उर्वरकों का उपयोग केवल कृषि कार्यों के लिए ही किया जाए। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या गैर-कृषि उपयोग पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
विभाग ने जिला और ब्लॉक स्तर पर निरीक्षण और छापेमारी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसानों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने की बात कही गई है, ताकि उर्वरकों का संतुलित उपयोग हो सके।
मुख्य कृषि अधिकारी ने चेतावनी दी है कि निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
