खबरें शेयर करें -

छह माह बाद भी नहीं हटे छत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार, जिला पंचायत सदस्य ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार!
दर्पण न्यूज 24/7 | अल्मोड़ा
अल्मोड़ा जनपद के सल्ट क्षेत्र में विद्युत विभाग की ओर से स्वीकृति दिए जाने के बावजूद लंबे समय से लंबित पड़े कार्यों को लेकर जिला पंचायत सदस्य शैलजा चम्याल ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने विद्युत तार हटाने तथा अतिरिक्त विद्युत पोल लगाए जाने संबंधी कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी को पत्र सौंपा है।
जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में शैलजा चम्याल ने बताया कि 20 दिसंबर 2025 को “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा” कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज नौगांव में आयोजित शिविर में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उठाया गया था। शिविर में तल्ली कनारीछीना निवासी गोविंद देवी के मकान की छत के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों को हटाने तथा मंगलता गांव के हरीश भट्ट और कुंदन सिंह के घरों से विद्युत पोल की अत्यधिक दूरी होने के कारण अतिरिक्त पोल लगाए जाने के प्रस्ताव पर विद्युत विभाग ने सहमति भी प्रदान की थी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में विभाग को लिखित पत्र भी दिया गया था, लेकिन करीब छह माह बीत जाने के बाद भी उक्त कार्य धरातल पर नहीं उतर पाए हैं। कई बार दूरभाष के माध्यम से विभागीय अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि छत के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर खतरा बने हुए हैं, जबकि अतिरिक्त पोल नहीं होने से संबंधित परिवारों को विद्युत आपूर्ति में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

उत्तराखंड