








फर्जी खाते से लाखों का खेल! कैनरा बैंक में दो साल तक चलता रहा घोटाला, कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो, हल्द्वानी।
बैंकिंग सिस्टम की गंभीर लापरवाही और मिलीभगत का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हल्द्वानी में एक व्यक्ति के नाम पर बिना उसकी जानकारी के कैनरा बैंक में फर्जी खाता खोलकर लाखों रुपये का लेनदेन कर दिया गया। हैरानी की बात यह रही कि पीड़ित को दो साल तक इस फर्जीवाड़े की भनक तक नहीं लगी। अंततः कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
गौजाजाली निवासी अनुभव पंत ने अदालत में बताया कि 4 सितंबर 2025 को उनके अकाउंटेंट ने उन्हें सूचित किया कि उनके नाम पर कैनरा बैंक में एक खाता संचालित हो रहा है, जबकि उन्होंने वहां कभी खाता नहीं खुलवाया। जांच में सामने आया कि बरेली रोड स्थित बैंक शाखा में वर्ष 2023 से उनके नाम पर यह खाता चल रहा था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब खाते से टीडीएस कटने की सूचना आई और उनके इनकम टैक्स रिटर्न में अनियमितता पाई गई। पीड़ित के अनुसार, खाते में आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो तो उनके थे, लेकिन हस्ताक्षर पूरी तरह फर्जी थे। उन्होंने न तो कभी ये दस्तावेज बैंक को दिए और न ही खाता खोलने का कोई आवेदन किया।
अनुभव पंत ने आरोप लगाया कि जब वह मोबाइल कंपनियों की मार्केटिंग करता था, तब उसके डिस्ट्रीब्यूटर संजय कोहली के पास उसके दस्तावेज थे। उन्हीं दस्तावेजों का दुरुपयोग कर बैंक कर्मचारियों से मिलीभगत करते हुए फर्जी खाता खोला गया और उसमें लाखों रुपये का लेनदेन किया गया।
पीड़ित ने बताया कि जब वह इस मामले को लेकर पुलिस के पास गया तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार उसने 17 सितंबर 2025 को हल्द्वानी के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। अदालत के आदेश के बाद अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस बैंक रिकॉर्ड, केवाईसी दस्तावेज और लेनदेन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। यह मामला न सिर्फ बैंकिंग सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है, बल्कि आम लोगों के दस्तावेजों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करता है।
