हिंदी पत्रकारिता दिवस पर आदर्श प्रेस क्लब में जुटेंगे कलम के प्रहरी!
हल्दूचौड़ में 30 मई को होगा भव्य आयोजन, पत्रकारों की भूमिका पर मंथन करेंगे वरिष्ठ पत्रकार!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़। आदर्श प्रेस क्लब हल्दूचौड़, नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया (एनयूजेआई) तथा दर्पण न्यूज 24/7 के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 30 मई को हिंदी पत्रकारिता दिवस गरिमामय रूप से मनाया जाएगा। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार, मीडिया कर्मी एवं विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग सहभागिता करेंगे।
हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार “वर्तमान राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में पत्रकारों की भूमिका” विषय पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। बदलते मीडिया परिवेश, लोकतंत्र में पत्रकारिता की जिम्मेदारी, निष्पक्ष खबरों की चुनौती तथा सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आदर्श प्रेस क्लब अध्यक्ष एवं एनयूजेआई के प्रदेश सचिव प्रमोद बमेटा ने बताया कि हिंदी पत्रकारिता दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि पत्रकारिता के मूल्यों, दायित्वों और जनसरोकारों को पुनः स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज जब सूचनाओं की बाढ़ और राजनीतिक विमर्श के बीच निष्पक्ष पत्रकारिता बड़ी चुनौती बन चुकी है, ऐसे समय में पत्रकारों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने एवं विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्धारण हेतु कल बुधवार को सांय 5 बजे प्रेस क्लब में एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रेस क्लब एवं एनयूजेआई से जुड़े सभी सम्मानित साथियों को कार्यक्रम की सफलता हेतु जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
आयोजकों ने क्षेत्र के पत्रकारों, बुद्धिजीवियों एवं सामाजिक संगठनों से कार्यक्रम में सहभागिता कर हिंदी पत्रकारिता की गरिमा को मजबूत बनाने का आह्वान किया है।
