लालकुआँ में हाईवे पर दर्दनाक हादसे को अंजाम देने वाला ट्रक व चालक पुलिस हिरासत में।
एनएच-109 पर सेंचुरी की अवैध पार्किंग और ओवरलोडिंग से बढ़ रहा हादसों का खतरा।
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआँ।
राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर ट्रांसपोर्ट नगर के समीप बीते रोज हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लालकुआँ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में लालकुआँ कोतवाली पुलिस ने घटना में शामिल दस टायरा ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से ट्रक की पहचान कर चालक को पकड़ने में सफलता हासिल की। फिलहाल आरोपी चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार अभी तक मृतक दंपति के परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को पुलिस हिरासत में रखा गया है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने दुर्घटना स्थल की बारीकी से जांच की, इस दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि एनएच-109 पर लालकुआँ क्षेत्र में वाहनों की अवैध पार्किंग और ओवरलोडिंग लंबे समय से गंभीर समस्या बनी हुई है। हाईवे किनारे स्थित ढाबों और सेचुरी पेपर मिल से जुड़े ओवरलोड और ओवरहाइट वाहन मनमाने ढंग से खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लालकुआँ ट्रांसपोर्ट नगर से लगभग दो किलोमीटर तक हाईवे के दोनों ओर सर्विस लाइन बनी है, बावजूद इसके वाहन चालक हाईवे पर ही आड़े-तिरछे वाहन खड़े कर देते हैं। इससे मुख्य मार्ग पर वाहनों के निकलने की जगह कम हो जाती है और हादसों की स्थिति बनती है। वीआईपी गेट क्षेत्र में सेचुरी पेपर मिल के ओवरलोड वाहन हाईवे पर खड़े रहने से प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
पिछले दो वर्षों में इसी मार्ग पर कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। शनिवार को हुआ हादसा इसका ताजा उदाहरण है, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार दंपति को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से एनएच-109 पर अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग और अतिक्रमण के खिलाफ स्थायी समाधान और सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
