

जंगल का राजा पेड़ पर चढ़ा तो थम गई पर्यटकों की सांसें! टाइगर का अनोखा अंदाज हुआ कैमरे में कैद, !
रामनगर। जंगल का राजा जब पेड़ पर चढ़ा तो जंगल सफारी कर रहे पर्यटकों की नजरें उसी पर टिक गईं। कुछ पल के लिए हर कोई हैरान रह गया। आमतौर पर जंगल की पगडंडियों और कच्चे रास्तों पर शान से चहलकदमी करते दिखने वाले बाघ का पेड़ पर चढ़ने का यह अनोखा अंदाज पर्यटकों के लिए रोमांच और कौतूहल का सबब बन गया। इस दुर्लभ से नजारे को पर्यटकों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला रामनगर स्थित तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो टूरिस्ट जोन का है। जानकारी के अनुसार, पर्यटक जंगल सफारी का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक बाघ पर पड़ी, जो पेड़ के तने पर चढ़ा हुआ था। अचानक सामने आए इस नजारे को देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे। किसी ने इस पल को मोबाइल में रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया तो कोई बाघ की गतिविधियों को करीब से निहारता रहा।
वीडियो में बाघ पेड़ के तने पर चढ़ा दिखाई दे रहा है। कुछ देर तक पेड़ पर रहने के बाद वह धीरे-धीरे नीचे उतरता है और फिर जंगल के भीतर आगे बढ़ जाता है। बाघ की इस पूरी गतिविधि ने सफारी पर निकले पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव बना दिया।
सफारी में मिला ऐसा नजारा, जो कैमरे में हुआ कैद
आमतौर पर पर्यटकों को जंगल सफारी के दौरान बाघ सड़क किनारे, जंगल की पगडंडियों या घनी झाड़ियों के बीच विचरण करते दिखाई देते हैं, लेकिन पेड़ पर चढ़ते बाघ का यह दृश्य उनके लिए बिल्कुल अलग अनुभव रहा। यही वजह है कि वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
फाटो की खूबसूरती के साथ वन्यजीवों का रोमांच भी बना आकर्षण
कॉर्बेट और आसपास के वन क्षेत्रों में बाघों की मौजूदगी हमेशा से पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र रही है। फाटो टूरिस्ट जोन भी अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और वन्यजीवों की मौजूदगी के लिए जाना जाता है। यहां सफारी के दौरान वन्यजीवों की ऐसी गतिविधियां पर्यटकों के रोमांच को कई गुना बढ़ा देती हैं।
फिलहाल पेड़ पर चढ़ते बाघ का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। जंगल के इस अनोखे नजारे ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उत्तराखंड के जंगलों में रोमांच की कोई कमी नहीं है।
