पंतनगर में अतिक्रम नोटिस चस्पा करने पहुंची टीम का विरोध, विधायक बेहड़ भी उतरे समर्थन में!
रुद्रपुर। पंतनगर क्षेत्र की संजय कॉलोनी और मस्जिद कॉलोनी में गुरुवार को प्रशासन द्वारा कथित अतिक्रमण चिह्नित कर नोटिस चस्पा किए जाने की कार्रवाई के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बन गई। भारी पुलिस बल के साथ पहुंची प्रशासनिक टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। हंगामे और नारेबाजी के बीच टीम को कार्रवाई अधूरी छोड़कर वापस लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार प्रशासनिक टीम सरकारी भूमि पर कथित कब्जों से संबंधित विभागीय एवं न्यायिक प्रक्रिया के तहत नोटिस देने पहुंची थी। नियमानुसार संबंधित लोगों को अपना पक्ष रखने का अवसर देने के लिए नोटिस चस्पा किए जाने थे। जैसे ही टीम ने कार्रवाई शुरू की, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर स्थानीय लोगों की समस्याओं को उठाया और कार्रवाई पर आपत्ति जताई। विधायक ने कहा कि वर्षों से रह रहे गरीब और मेहनतकश परिवारों को बिना उचित व्यवस्था के उजाड़ना न्यायसंगत नहीं होगा। उन्होंने प्रशासन से किसी भी निर्णय से पहले प्रभावित परिवारों को पूरा अवसर देने तथा जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित करने की मांग की।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से यहां रह रहे हैं और अचानक की जा रही कार्रवाई से हजारों परिवारों के सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो सकता है। प्रदर्शनकारियों ने पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित किए बिना किसी भी प्रकार की कार्रवाई न करने की मांग की।
वहीं प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया नियमानुसार संचालित की जा रही है और आगे की कार्रवाई विभागीय दिशा-निर्देशों एवं न्यायालय के आदेशों के अनुरूप की जाएगी। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।
