खबरें शेयर करें -

यूट्यूबर ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, बोलीं- न्याय नहीं मिला तो बनूंगी ‘झांसी की रानी’।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो
शिवपुरी। जिले के मगरौनी क्षेत्र में हुई करीब 10 लाख रुपये की चोरी की घटना को लेकर स्थानीय यूट्यूबर रचना गुर्जर और पुलिस आमने-सामने आ गए हैं। चोरी के बाद से रचना गुर्जर लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रही हैं और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व रचना गुर्जर के सूने घर में चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत करीब 10 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए थे। घटना की पूरी गतिविधि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने का दावा किया जा रहा है।
रचना गुर्जर ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में आरोप लगाया कि सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वह अपनी लड़ाई स्वयं लड़ेंगी और जरूरत पड़ी तो “झांसी की रानी” की तरह संघर्ष करने से भी पीछे नहीं हटेंगी।
वहीं मामले में शिवपुरी पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने स्पष्ट किया है कि पुलिस स्थापित कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी सोशल मीडिया दबाव में काम नहीं करती और चोरी की घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश और साक्ष्य संकलन का कार्य जारी है।
चोरी की इस घटना और उसके बाद सोशल मीडिया पर शुरू हुई बयानबाजी को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक कब पहुंचती है और मामले का खुलासा कब होता है।