व्यापारियों को बड़ी राहत, अब दुकानों का किराया 100 नहीं 50 फीसदी ही बढ़ेगा!
महापौर गजराज बिष्ट की पहल पर लिया गया निर्णय, दोमंजिला निर्माण की अनुमति प्रक्रिया भी होगी आसान!
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता!
हल्द्वानी। नगर निगम की दुकानों के किराये में प्रस्तावित 100 फीसदी वृद्धि के बजाय अब व्यापारियों को केवल 50 फीसदी बढ़ोतरी का ही भार उठाना पड़ेगा। महापौर गजराज सिंह बिष्ट की पहल पर व्यापारियों की समस्याओं को लेकर नगर आयुक्त परितोष वर्मा, कर निरीक्षक महेश पाठक समेत निगम अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों में दोमंजिला निर्माण के लिए अनुमति प्रक्रिया को भी सरल और सुगम बनाने पर सहमति बनी है।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए निगम अधिकारियों के साथ चर्चा की। वार्ता के दौरान व्यापारियों के हित में किराया निर्धारण की प्रक्रिया में राहत देने का अनुरोध स्वीकार किया गया। इसके तहत निगम की दुकानों के किराये में 100 फीसदी वृद्धि के स्थान पर 50 फीसदी वृद्धि किए जाने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले से निगम की दुकानों में कारोबार करने वाले व्यापारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों के विस्तार और दोमंजिला निर्माण के लिए अनुमति लेने में होने वाली दिक्कतों को भी दूर करने का निर्णय लिया गया है। अनुमति प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाए जाने से व्यापारियों को निर्माण संबंधी कार्यों में सुविधा मिलेगी और शहर में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम व्यापारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और शहर की व्यापारिक गतिविधियों को गति मिल सके।
निर्णय से उत्साहित व्यापारियों ने महापौर का माल्यार्पण कर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। व्यापारियों ने राहत देने के लिए महापौर का आभार जताया। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, योगेश शर्मा, पंकज कपूर, आशीष मल्होत्रा, राजीव जायसवाल, मनोज जायसवाल, नंदकिशोर वर्मा, गोपाल भट्ट समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।
