खबरें शेयर करें -

 

जनता की समस्याओं पर गंभीर नहीं सरकार, खड़गे की हल्द्वानी रैली से कांग्रेस करेगी चुनावी शंखनाद!

रुद्रपुर में गरजे प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, बोले- 8 अगस्त की जनसभा बनेगी ऐतिहासिक प्रदेशभर से लाखों कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा, वरिष्ठ नेताओं ने तैयारियों की समीक्षा कर कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां!

दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो, रुद्रपुर।

कांग्रेस ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की आठ अगस्त को हल्द्वानी में प्रस्तावित विशाल जनसभा को लेकर पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को रुद्रपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दावा किया कि खड़गे की जनसभा उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास की सबसे बड़ी सभाओं में शामिल होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से लाखों कार्यकर्ता और समर्थक हल्द्वानी पहुंचेंगे।

गोदियाल ने कहा कि जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में बैठकों का दौर जारी है। वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ ही जिला एवं महानगर अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष और विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों से लगातार संवाद कर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जनसभा को लेकर जबरदस्त उत्साह है और संगठन से जुड़े सभी लोग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन कर रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में होने वाली जनसभा महज एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं होगी, बल्कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के अभियान का औपचारिक शंखनाद भी करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच जाकर प्रदेश सरकार की नीतियों और विफलताओं को उजागर करेगी और आम जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।

महंगाई-बेरोजगारी से जूझ रही जनता!

चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। विभिन्न वर्गों के लोग अपनी मांगों को लेकर लगातार सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समेत देश के कई हिस्सों में पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

छात्रों की आवाज दबाने का आरोप!

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने संसद से लेकर सड़क तक छात्रों और युवाओं के मुद्दों को मजबूती से उठाया है। इसके बावजूद केंद्र सरकार ने छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उनके शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन पर लाठीचार्ज कराया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंता का विषय है।

कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि आठ अगस्त को हल्द्वानी में होने वाली खड़गे की जनसभा प्रदेश की राजनीति को नई दिशा और संदेश देगी। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में हल्द्वानी पहुंचकर जनसभा को सफल बनाने का आह्वान किया।

ये रहे मौजूद!

प्रेस वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी मनोज यादव, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, चुनाव प्रबंध समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल, गोविंद सिंह कुंजवाल, जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

उत्तराखंड