खबरें शेयर करें -

30 सेकंड से कम समय में कर दिखाया कमाल, बाजपुर की आरती खुल्लर का नाम एशियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज।

मेंटल मैथमैटिक्स में शानदार प्रदर्शन, ‘यंग मेंटल मैथमैटिक्स टैलेंट’ सम्मान से हुई सम्मानित।

 

दर्पण न्यूज 24×7 | बाजपुर

बाजपुर की होनहार छात्रा आरती खुल्लर ने अपनी अद्भुत मानसिक गणित (मेंटल मैथमैटिक्स) क्षमता का प्रदर्शन करते हुए एशियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। कक्षा छह की छात्रा आरती की इस शानदार उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

आरती को उनकी असाधारण प्रतिभा के लिए ‘यंग मेंटल मैथमैटिक्स टैलेंट’ सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्होंने 30 सेकंड से भी कम समय में आगे और पीछे दोनों क्रमों में बहु-अंकीय गणनाओं को शत-प्रतिशत सटीकता और अद्भुत गति से पूरा कर अपनी विलक्षण प्रतिभा का परिचय दिया।

उनकी गजब की एकाग्रता, तेज स्मरण शक्ति और मानसिक गणनाओं में दक्षता ने निर्णायकों को भी प्रभावित किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर एशियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से आरती को प्रमाण-पत्र, उपलब्धि चिन्ह और पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

आरती की यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। यह साबित करती है कि लगन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर छोटी उम्र में भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

दर्पण न्यूज 24×7 परिवार आरती खुल्लर को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देता है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।

उत्तराखंड