








“कंधों पर हाथ, सियासत में साथ” नीरज तिवारी की एक तस्वीर से गर्माई कालाढूंगी की राजनीति!
वरिष्ठों का वरदहस्त या बदलते समीकरणों का संकेत? एक फ्रेम में दिखी कांग्रेस की नई रणनीति!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो प्रमोद बमेटा हल्द्वानी।
कभी एक तस्वीर, सियासत की पूरी पटकथा लिख देती है,
और कभी एक मुस्कान, कई समीकरणों को जन्म दे जाती है।
उत्तराखंड कांग्रेस में इन दिनों एक तस्वीर सियासी गलियारों में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। प्रभारी कुमारी शैलजा के हालिया हल्द्वानी दौरे के दौरान कैद हुए इस फ्रेम में युवा नेता नीरज तिवारी उन्हें बुके भेंट करते नजर आते हैं, जबकि उनके कंधे पर वरिष्ठ नेता प्रकाश जोशी का हाथ—यही दृश्य अब राजनीतिक विश्लेषण का विषय बन चुका है।
नीरज तिवारी का नाम अब कालाढूंगी की राजनीति में तेजी से उभर रहा है। स्थानीय मुद्दों पर उनकी सक्रियता चाहे सड़क हो, पानी या रोजगार उन्हें जनता के बीच एक मजबूत युवा चेहरा बना रहा है। ऐसे में प्रकाश जोशी का नीरज तिवारी के कंधे पर हाथ रखना महज औपचारिकता नहीं माना जा रहा। संगठन में प्रभाव रखने वाले वरिष्ठ नेता का यह भाव यह संकेत दे रहा है कि पार्टी अब युवा और अनुभवी नेतृत्व के बीच तालमेल साधने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
कालाढूंगी विधानसभा लंबे समय से कांग्रेस के लिए चुनौती बनी हुई है। ऐसे में पार्टी को एक ऐसे चेहरे की तलाश है जो न केवल सक्रिय हो, बल्कि जनता के बीच विश्वसनीय भी हो।
ऐसे में नीरज तिवारी की बढ़ती सक्रियता और यह चर्चित तस्वीर इस बात के संकेत दे रही है कि वे आने वाले समय में बड़ी जिम्मेदारी के दावेदार बन सकते हैं।
हालांकि राजनीति में तस्वीरों के मायने हमेशा अंतिम नहीं होते, लेकिन जिस तरह से इस फ्रेम को देखा जा रहा है, वह यह जरूर बताता है कि कांग्रेस के भीतर कुछ नया पक रहा है।
अगर नीरज तिवारी इसी तरह जनता के बीच सक्रियता बनाए रखते हैं और संगठन का भरोसा जीतते हैं, तो यह कहना गलत नहीं होगा कि “आज जो तस्वीर चर्चा में है,
कल वही सियासत की दिशा तय कर सकती है…”
