यहां सगाई के 25 दिन बाद युवक की गला रेतकर हत्या, चचेरी बहन पर लगा सनसनीखेज आरोप!
दर्पण न्यूज 24/7 |
कैमूर (बिहार)
कैमूर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सगाई के महज 25 दिन बाद एक 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। युवक का शव गुरुवार सुबह खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या के पीछे पारिवारिक रिश्तों से जुड़े विवाद का आरोप लगाते हुए मृतक की चचेरी बहन को कटघरे में खड़ा किया है।
मृतक की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के नौआझोंटी गांव निवासी शिवकुमार राम के इकलौते पुत्र शशि कुमार (22) के रूप में हुई है। उसका शव मोहनियां थाना क्षेत्र के बघिनी कला गांव के बधार में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
मृतक के पिता शिवकुमार राम ने आरोप लगाया कि उनके बड़े भाई की बेटी अपनी पुत्री की शादी शशि कुमार से कराना चाहती थी। उन्होंने बताया कि परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं था, क्योंकि दोनों रिश्तेदार थे। इसी बात को लेकर लंबे समय से दबाव बनाया जा रहा था। पिता का आरोप है कि इसी विवाद के चलते उनके बेटे की हत्या की गई है।
परिजनों के अनुसार, शशि कुमार की सगाई 16 मई को रामगढ़ थाना क्षेत्र के छेवरी गांव में हुई थी। वह भभुआ में रहकर पढ़ाई करता था। 9 जून को खाना खाने के बाद वह घर के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं पहुंचा। मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। दो दिन बाद उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कैमूर के पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला, डीएसपी गोपाल कृष्ण और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या के हर पहलू की जांच की जा रही है।
मोहनियां डीएसपी गोपाल कृष्ण ने बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी गंभीरता से लिया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।
इकलौते बेटे की हत्या से टूटा परिवार
शशि कुमार परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। सगाई के बाद जहां परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, वहीं अब उसी घर में चीख-पुकार और गम का माहौल है। पूरे गांव में इस हत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
