खबरें शेयर करें -

बनभूलपुरा में फर्जी स्थायी निवास प्रमाण-पत्र जारी होने का मामला सामने आते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया है और जिलेभर में पांच वर्षों के प्रमाण-पत्रों की जांच शुरू कर दी गई है।

रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि कुमाऊँ आयुक्त द्वारा हाल ही में हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र में की गई छापेमारी के दौरान फर्जी अभिलेखों के आधार पर अवैध रूप से स्थायी निवास प्रमाण-पत्र जारी किए जाने का मामला उजागर हुआ है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जनपद ऊधमसिंहनगर के सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पिछले पाँच वर्षों के दौरान जारी स्थायी निवास प्रमाण-पत्रों का सत्यापन करें। साथ ही जिले में संचालित सभी ग्राहक सेवा केंद्रों का औचक निरीक्षण करने को भी कहा गया है।

जिन प्रमाण-पत्रों में फर्जीवाड़ा या असत्य जानकारी पाई जाए, उन्हें तत्काल निरस्त करते हुए संबंधित व्यक्तियों और केंद्र संचालकों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि इस प्रकार की अनियमितताओं को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड