यूकेडी के केंद्रीय महामंत्री सुशील उनियाल को इंस्टाग्राम पर मिली कथित धमकियां, हल्द्वानी कोतवाली में दी तहरीर।
अभद्र व अश्लील संदेश भेजने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग, डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे।
हल्द्वानी | दर्पण न्यूज 24×7
उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री सुशील उनियाल ने अपने व्यक्तिगत इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगातार प्राप्त हो रहे कथित अभद्र, अश्लील और धमकी भरे निजी संदेशों को लेकर हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र के साथ संबंधित स्क्रीनशॉट एवं अन्य डिजिटल साक्ष्य भी सौंपे हैं। सुशील उनियाल का आरोप है कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें लगातार आपत्तिजनक भाषा में संदेश भेजे जा रहे हैं, जिनमें कई संदेश कथित तौर पर धमकी भरे भी हैं।
सुशील उनियाल ने कहा कि कुछ संदेशों की भाषा इतनी अशोभनीय और अश्लील है कि उन्हें पढ़ना भी शर्मनाक है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच कर संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की पहचान करने तथा दोषियों के विरुद्ध आईटी एक्ट एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
