खबरें शेयर करें -

जयपुर और आगरा मार्ग की उत्तराखंड रोडवेज बस सेवाएं प्रभावित।

स्पेयर पार्ट्स न होने से दो बसें काठगोदाम डिपो में खड़ी, यात्रियों को हो रही भारी परेशानी।


दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता | हल्द्वानी

उत्तराखंड परिवहन निगम के काठगोदाम डिपो से संचालित जयपुर एवं आगरा मार्ग की रोडवेज बस सेवाएं तकनीकी खराबियों के चलते बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। दोनों मार्गों की एक-एक बस खराब होने के कारण डिपो में खड़ी है, जिससे जयपुर-आगरा सेवा अब एक दिन छोड़कर एक दिन ही संचालित हो पा रही है।

जानकारी के अनुसार, जयपुर सेवा की बस पिछले एक माह से इंजन खराब होने के कारण बंद पड़ी है, जबकि आगरा सेवा की बस बीते दस दिनों से फ्रंट शीशा टूटने के चलते मार्ग पर नहीं जा पा रही है। स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध न होने के कारण दोनों बसों की मरम्मत में लगातार देरी हो रही है।

बसों के लंबे समय से खड़े रहने पर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने कड़ी नाराजगी जताई है। यूनियन के शाखा अध्यक्ष मनोज भट्ट और शाखा मंत्री शशिकांत गौतम ने कहा कि जयपुर और आगरा जैसी अच्छी आय देने वाली सेवाओं का लगातार बंद रहना निगम के लिए भी नुकसानदायक है।

उन्होंने निगम प्रबंधन से मांग की कि बसों को शीघ्र दुरुस्त कर मार्ग पर भेजा जाए। यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि काठगोदाम डिपो की जयपुर और आगरा सेवाएं कई वर्षों से प्रतिदिन संचालित होती रही हैं, लेकिन वर्तमान में एक दिन सेवा चल रही है और अगले दिन बंद रहती है, जिससे यात्रियों को समय पर बस उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

इसके अलावा डिपो की कई अन्य बसें भी छोटे-छोटे स्पेयर पार्ट्स के अभाव में मार्ग पर नहीं भेजी जा रही हैं। यूनियन ने सभी खराब बसों की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें नियमित संचालन में लाने की मांग की है ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।