खबरें शेयर करें -

ऑटो-रिक्शा में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र उड़ाने वाली शातिर महिला गिरफ्तार!

पुलिस ने चोरी का सामान किया बरामद, कई वारदातों का खुलासा; पति की भूमिका भी संदिग्ध!

हल्द्वानी, दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता।

शहर में ऑटो और रिक्शा में सफर कर रही महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले से मंगलसूत्र पार करने वाली शातिर महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी किया गया मंगलसूत्र भी बरामद हुआ है। पूछताछ में महिला ने कई घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है, जबकि उसके पति की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है।

पुलिस के अनुसार, 26 मार्च को कुसुमखेड़ा निवासी दीपा खड़ायत ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 मार्च को वह कालाढूंगी टेम्पो स्टैंड से अपने घर आरके टेंट रोड के लिए ऑटो में बैठी थीं। ऑटो में अधिक भीड़ होने के कारण एक सांवले रंग की महिला अपने छोटे बच्चे के साथ उनके पास सटकर बैठ गई और बार-बार खिसकने को कहती रही। घर पहुंचने पर उनका मंगलसूत्र गायब मिला। पीड़िता ने उसी महिला पर चोरी का शक जताया।

मामले की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और रोडवेज स्टेशन के पास से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान मुस्कान (26) पत्नी अमित, निवासी ब्रजधाम कॉलोनी, थाना हाईवे, मथुरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने मुखानी क्षेत्र में भी इसी तरह की चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है, जहां उसके खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज है। जांच में यह भी सामने आया है कि उसका पति भी इन वारदातों में सहयोग करता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु की चेन, पेंडल और लाल-काले मोतियों से जड़ा मंगलसूत्र बरामद किया है। साथ ही यह भी पता चला कि आरोपी महिला के खिलाफ पहले से चोरी के मामले दर्ज हैं, जबकि उसके पति पर आगरा के विभिन्न थानों में डकैती, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर आरोप हैं।

बरामदगी के आधार पर दोनों मामलों में धाराएं बढ़ा दी गई हैं। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

उत्तराखंड