विश्व हिंदू परिषद नेता को सऊदी नंबर से मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस में मचा हड़कंप!
“आज तुम्हारा आखिरी दिन है, घर से संभलकर निकलना”—अज्ञात कॉलर ने दी धमकी!
दर्पण न्यूज 24/7 | नैनीताल
नैनीताल जनपद में एक विश्व हिंदू परिषद पदाधिकारी को विदेश से आए फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, जबकि पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपते हुए अपनी सुरक्षा की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कमल जोशी मुनि जी ने हल्द्वानी थाना पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8:03 बजे उन्हें सऊदी अरब के अंतरराष्ट्रीय नंबर (+96656085834) से एक फोन कॉल प्राप्त हुई। आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें धमकी दी और कहा कि “आज तुम्हारा आखिरी दिन है, घर से संभलकर निकलना।”
शिकायत में यह भी कहा गया है कि उक्त कॉल की सूचना तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दे दी गई थी। इसके कुछ समय बाद एक अन्य नंबर +917020196579 से भी फोन आया, जिसमें कॉलर ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि कॉलर ने उनके निवास स्थान की रेकी किए जाने तथा उनके बारे में विस्तृत जानकारी होने का दावा भी किया।
कमल जोशी का कहना है कि धमकी भरे कॉल लगातार आते रहे, जिनकी रिकॉर्डिंग भी उनके पास सुरक्षित है। घटना के बाद उनके और उनके परिवार के बीच भय एवं असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
मामले को लेकर पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है। कॉल करने वालों की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है।
