खबरें शेयर करें -

उत्तराखंड में मौसम का कहर: आज भयंकर रूप ले सकता है आसमान, ऑरेंज अलर्ट जारी!
दर्पण न्यूज 24/7
उत्तराखंड में मौसम लगातार तल्ख तेवर दिखा रहा है और आज हालात और भी बिगड़ सकते हैं। बीते 23 जनवरी को हुई बारिश और बर्फबारी के बाद से प्रदेश में ठंड चरम पर पहुंच चुकी है। वसंत पंचमी के अवसर पर केदारनाथ, बदरीनाथ, चकराता से लेकर अल्मोड़ा, मुनस्यारी समेत तमाम पर्वतीय इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई, जिससे कई सड़कें बंद हो गईं। बिजली और संचार सेवाएं भी प्रभावित रहीं।
हालांकि बर्फबारी का आनंद लेने के लिए सैलानियों का जमावड़ा लगा हुआ है, जिससे स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं। इसी बीच एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग (आईएमडी) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक आज उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में बारिश के आसार हैं, जबकि 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
आईएमडी ने पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली कड़कने और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
अल्मोड़ा–देहरादून में स्कूल बंद
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने आज अल्मोड़ा और देहरादून जिले में आंगनबाड़ी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। देर रात आदेश जारी किए गए। साथ ही बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। बर्फ से बंद सड़कों को खोलने के लिए जगह-जगह जेसीबी और स्नो कटर तैनात किए गए हैं।
एक फरवरी तक बारिश का अलर्ट
आईएमडी के अनुसार आज पूरे उत्तराखंड में बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट है। 28 जनवरी को भी पूरे राज्य में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है। 29 और 30 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश के आसार हैं। 31 जनवरी को पांच पर्वतीय जिलों में और एक फरवरी को पूरे प्रदेश में फिर से बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और पूरी सतर्कता बरतें।

उत्तराखंड