

ब्लैकमेलिंग के जाल में फंसी विवाहिता की मौत, मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के जरिए प्रताड़ित करने का आरोप, मोबाइल बरामद, दो अन्य आरोपियों की भूमिका जांच के घेरे में।
हल्दूचौड़। मोटाहल्दू क्षेत्र के गंगारामपुर में विवाहिता की आत्महत्या के मामले में लालकुआं पुलिस ने रविवार को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर विवाहिता को आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसके माध्यम से आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने और भेजने का आरोप है। मामले में दो अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गंगारामपुर निवासी विवाहिता ने छह अगस्त को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के पिता राजेंद्र प्रसाद की तहरीर पर लालकुआं थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर में मृतका के पति के हेल्पर आशिक अली पर मोबाइल के जरिए संपर्क बढ़ाने और घर आने-जाने के दौरान विवाहिता को अपने जाल में फंसाने का आरोप लगाया गया था। आरोप है कि बाद में आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आशिक अली को गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से बरेली जिले के शेरगढ़ क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में हल्दूचौड़ के गुमटी क्षेत्र में रह रहा था।
तहरीर में साहिब अली और देवेश गंगवार पर मृतका के पति विजय पलड़िया को कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस दोनों की भूमिका और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। दोनों के फरार बताए जाने पर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस टीम में चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल कुबेर सिंह शामिल रहे।
