खबरें शेयर करें -

बनबसा में कैबिनेट की तैयारी तेज, अब नजर फैसलों पर!
पहली बार चंपावत में जुटेगा मंत्रिमंडल, सवाल—जिले की झोली में क्या आएगा?

चंपावत/बनबसा। चार अक्टूबर को बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर में प्रस्तावित धामी कैबिनेट की बैठक को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में एनएचपीसी सभागार में बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने और लगातार मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए गए हैं।

चंपावत जिले में पहली बार प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भले ही तेज हो गई हों, लेकिन अब असली नजर बैठक से निकलने वाले फैसलों पर है। राजधानी से बाहर कैबिनेट बैठक कराने की परंपरा उत्तराखंड में पहले भी रही है और ऐसी बैठकों में संबंधित क्षेत्र के मुद्दों को जगह मिलने की उम्मीद रहती है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि बनबसा की बैठक चंपावत के लिए केवल एक आयोजन बनकर रह जाएगी या यहां के लंबे समय से लंबित सवालों को भी कैबिनेट स्तर पर समाधान मिलेगा। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, रोजगार, पर्यटन, सीमांत क्षेत्र के विकास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर यदि ठोस निर्णय होते हैं तो बैठक का सीधा लाभ स्थानीय जनता तक पहुंच सकता है। हालांकि अभी बैठक का अंतिम एजेंडा सार्वजनिक रूप से पूरी तरह सामने नहीं आया है।

बैठक का एक बड़ा संभावित लाभ यह भी होगा कि स्थानीय समस्याएं विभागीय फाइलों से निकलकर सीधे मंत्रिमंडल के सामने पहुंच सकती हैं। यदि क्षेत्र-विशेष के प्रस्तावों को स्वीकृति मिलती है तो बजट, योजनाओं और प्रशासनिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में तेजी आ सकती है। लेकिन इसका वास्तविक लाभ तभी माना जाएगा, जब कैबिनेट के निर्णय धरातल पर दिखाई दें।

इधर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल की प्रत्येक व्यवस्था का समय रहते परीक्षण करने और जहां अतिरिक्त व्यवस्था की जरूरत हो, उसे प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए वैकल्पिक इंतजाम रखने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, एपीडी विम्मी जोशी, एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, एनएचपीसी के एचआर श्रीनिवासन, यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता विजय कुमार सकारिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अब प्रशासन की तैयारियों के बाद निगाहें चार अक्टूबर की कैबिनेट पर टिकी हैं। बनबसा में मंत्रिमंडल बैठेगा, लेकिन जनता की नजर इस बात पर रहेगी कि बैठक के बाद चंपावत के हिस्से में सिर्फ घोषणाएं आती हैं या जमीन पर दिखने वाले फैसले भी।

उत्तराखंड