

गदरपुर में मतदाता सूची पर बड़ा अपडेट!
1.39 लाख मतदाताओं में 52,653 को विसंगति नोटिस, 47,331 नाम अंतिम प्रकाशन के लिए स्वीकृत!
गदरपुर। विधानसभा क्षेत्र 65-गदरपुर की मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर निर्वाचन विभाग ने महत्वपूर्ण आंकड़े जारी किए हैं। कुल 1,39,588 मतदाताओं के सापेक्ष 52,653 मतदाताओं को विसंगति संबंधी नोटिस जारी किए गए। नियमानुसार सुनवाई और उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों की जांच के बाद इनमें से 47,331 मतदाताओं को अंतिम प्रकाशन के लिए स्वीकृत किया गया है।
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार 5,322 मतदाता ऐसे रहे, जो सुनवाई के दौरान अनुपस्थित रहे अथवा नियमानुसार अपेक्षित साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके। ऐसे मामलों में उनके नामों को लेकर फॉर्म-7 जनरेट किया गया है। कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि 28 सितंबर को जनरेट किए गए 1,980 प्रारूप-7 भी इन्हीं 5,322 मतदाताओं की कुल संख्या में शामिल हैं।
4,787 आपत्तियां, सिर्फ 147 स्वीकार!
मतदाता सूची में नाम हटाने अथवा संशोधन से संबंधित आपत्तियों के क्रम में फॉर्म-7 के तहत कुल 4,787 आपत्तियां प्राप्त हुईं। इनकी भी पृथक रूप से नियमानुसार सुनवाई की गई। सुनवाई के बाद इनमें से मात्र 147 प्रारूप-7 स्वीकृत किए गए, जबकि शेष आवेदन निरस्त कर दिए गए।
निर्वाचन विभाग के इस आंकड़े से स्पष्ट है कि केवल आपत्ति दर्ज होना नाम हटने का आधार नहीं बना, बल्कि प्रत्येक मामले में सुनवाई और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निर्णय लिया गया।
नाम छूटा है तो अभी रास्ता खुला!
निर्वाचन कार्यालय ने ऐसे मतदाताओं को राहत दी है, जिनका नाम अनुपस्थिति अथवा पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध नहीं करा पाने के कारण मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है। ऐसे मतदाता आवश्यक साक्ष्य संलग्न कर फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
सभी बीएलओ को भी निर्देश दिए गए हैं कि अंतिम प्रकाशन के बाद यदि कोई पात्र मतदाता साक्ष्य के अभाव में सूची में शामिल नहीं हो पाया है तो उससे आवश्यक साक्ष्य प्राप्त कर नियमानुसार फॉर्म-6 भरवाते हुए उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करें।
निर्वाचन कार्यालय का संदेश साफ है—सूची में नाम छूट गया है तो पात्र मतदाता साक्ष्य के साथ फॉर्म-6 के जरिए नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कर सकता है।
— दर्पण न्यूज 24/7 डिजिटल मीडिया प्लेटफार्म
