बजरंगबली की भक्ति से दूर होते हैं जीवन के सभी संकट — महंत रवि पुरी महाराज।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के प्राचीन हनुमान घाट स्थित हनुमान मंदिर के मुख्य महंत रवि पुरी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीहनुमान की सच्चे मन, श्रद्धा और भक्ति भाव से की गई आराधना व्यक्ति के जीवन के समस्त कष्टों का निवारण करती है। उन्होंने कहा कि संकटमोचन बजरंगबली अपने भक्तों पर सदैव कृपा बरसाते हैं और उनकी भक्ति से जीवन में सुख, शांति, आत्मविश्वास तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
महंत रवि पुरी महाराज ने बताया कि नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ, सुंदरकांड का श्रवण एवं प्रभु श्रीराम के नाम का स्मरण करने से मानसिक तनाव, भय और नकारात्मक विचार दूर होते हैं। भगवान हनुमान अपने भक्तों को बल, बुद्धि, साहस और विवेक प्रदान कर हर कठिन परिस्थिति में उनका मार्गदर्शन करते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोगों को आध्यात्मिक जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता है। भक्ति, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलकर व्यक्ति अपने जीवन को सफल, सुखमय और सार्थक बना सकता है। बजरंगबली की कृपा से असंभव प्रतीत होने वाले कार्य भी संभव हो जाते हैं तथा श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
महंत रवि पुरी महाराज ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से मंदिर में दर्शन कर भगवान श्रीहनुमान की आराधना करें तथा धर्म, सेवा, मानवता और सद्भाव के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में प्रेम, भाईचारे और सकारात्मकता का संदेश फैलाएं।
