खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी से दो नाबालिग किशोरियां रहस्यमय ढंग से लापता, एक मामले में दामाद पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, दोनों मामलों में मची सनसनी।
प्रमोद बमेटा | दर्पण न्यूज 24×7
हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर से दो नाबालिग किशोरियों के रहस्यमय तरीके से लापता होने की खबर ने लोगों में चिंता और सनसनी फैला दी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से सामने आए इन मामलों में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक मामले में परिजनों ने अपनी ही बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का गंभीर आरोप दामाद पर लगाया है।
जानकारी के अनुसार, मुखानी थाना क्षेत्र के कुसुमखेड़ा स्थित कोहली कॉलोनी निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी शनिवार रात करीब नौ बजे घर के पास टहलने निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि उन्हें आशंका है कि उनका दामाद ही नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस गंभीर आरोप के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
वहीं, हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में नैनीताल रोड स्थित एक निजी स्कूल के पीछे रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी भी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों के अनुसार, वह 27 जून को दोपहर करीब तीन बजे सहेली के घर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिलने पर पुलिस से शिकायत की।
दोनों मामलों में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही संभावित स्थानों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किशोरियों का जल्द से जल्द पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।
दर्पण न्यूज 24×7

उत्तराखंड