विजिलेंस का बड़ा ट्रैप: बिजली विभाग का जेई 80 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार!
देहरादून। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को विजिलेंस टीम ने देहरादून के पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजली घर में तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) अतुल कुमार को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी जेई एक उपभोक्ता से उसकी पत्नी के नाम खरीदे गए अपार्टमेंट में बिजली कनेक्शन दिलाने और विद्युत लोड बढ़ाने के एवज में 80 हजार रुपये की अवैध मांग कर रहा था। परेशान उपभोक्ता ने इसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान देहरादून में दर्ज कराई।
शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई। मंगलवार को जैसे ही आरोपी जेई ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, पहले से घात लगाए टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने जरूरी साक्ष्य भी जुटाए और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई अन्य कर्मचारी या अधिकारी भी शामिल है या नहीं।
इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस टीम ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तुरंत शिकायत करें, ताकि भ्रष्टाचार पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।
