खबरें शेयर करें -

तेज रफ्तार बाइकर्स का कहर: मंदिर से लौट रहे वरिष्ठ पुरोहित को मारी टक्कर, हालत गंभीर!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। क्षेत्र में बेलगाम रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार बाइक सवारों की लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ गई, जब मंदिर से पूजा-अर्चना कर लौट रहे एक वरिष्ठ पुरोहित को जोरदार टक्कर मार दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मां अवंतिका कुंज देवी मंदिर से अपने दुम्का बंगर बच्चीधर्मा स्थित आवास लौट रहे वरिष्ठ पुरोहित पंडित कैलाश चंद्र जोशी को लालकुआं से हल्द्वानी की ओर जा रही बाइक संख्या यूके25 एफए-2264 ने टक्कर मार दी। बाइक पर सवार सिरौली कला किच्छा निवासी तौकीर और दानिश तेज रफ्तार में बताए जा रहे हैं।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पंडित जोशी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हल्दूचौड़ पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनके सिर में चार टांके लगाए गए, जबकि हाथ और पैर में भी गंभीर चोटें पाई गईं।
डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उनके ज्येष्ठ पुत्र पंडित चंद्रशेखर जोशी उन्हें डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय ले गए, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइकर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।

उत्तराखंड