दर्पण न्यूज 24×7
हल्द्वानी | 19 नवंबर 2025
अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष एवं राज्य स्थापना की रजत जयंती पर 25 नवंबर से 1 दिसंबर तक हल्द्वानी में भव्य सहकारी
मेला
अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष एवं उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयन्ती वर्ष के उपलक्ष्य में सहकारिता विभाग द्वारा राज्यभर में सहकारी मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद नैनीताल में 25 नवंबर से 01 दिसंबर 2025 तक सात दिवसीय सहकारी मेला एमबी कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में आयोजित किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए जिला सहायक निबंधक सहकारी समिति नैनीताल डी.एस. नपलचियाल ने बताया कि इस वर्ष मेले की थीम “सहकारिता से पर्यटन विकास” रखी गई है। इसके अंतर्गत ईको हॉस्पिटैलिटी, ईको टूरिज्म, होमस्टे ऑपरेटर प्रशिक्षण, स्थानीय व्यंजन प्रदर्शनी, फल उत्पादन एवं होमस्टे सहकारिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष फोकस रहेगा।
उन्होंने कहा कि यह मेला सहकारिता की मूल भावना को स्थानीय स्तर पर सुदृढ़ करने, उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में सहकारिता विभाग की भूमिका को उजागर करने तथा विभिन्न अनुसांगिक संस्थाओं को एक साझा मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
मेले में विभिन्न विभागों, सहकारी संस्थाओं एवं महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही सहकारी गोष्ठियों का आयोजन एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी मेले की विशेष आकर्षण होंगे।
जिला सहायक निबंधक ने जनपद के सभी सहकारिता सदस्यों, महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों से मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस महत्वपूर्ण आयोजन का लाभ लेने की अपील की है।
— दर्पण न्यूज 24×7
