हल्द्वानी से बड़ी खबर: सीएम पोर्टल पर झूठी शिकायत का अंजाम—शिकायतकर्ता पर 51 हजार का जुर्माना।
दर्पण न्यूज 24*7
हल्द्वानी। सीएम पोर्टल पर झूठी शिकायत दर्ज कराने वालों पर अब सख्ती शुरू हो गई है। नैनीताल जिले की मनरेगा लोकपाल पुष्पा कांडपाल ने कोटाबाग ब्लॉक की बांसी ग्राम पंचायत से संबंधित चार शिकायतों को निराधार पाते हुए शिकायतकर्ता पर 51 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया है। यह कार्रवाई एक महीने तक चली विस्तृत जांच के बाद की गई।
मनरेगा लोकपाल के अनुसार, नौ सितंबर 2025 को काशीपुर निवासी अनिल नाम से ग्राम पंचायत बांसी से जुड़ी चार शिकायतें सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई गई थीं। इनमें बजाड़ी नाले के वायरक्रेट के दो बार भुगतान, पुराने सिंचाई टैंक को नया दिखाकर भुगतान लेने, फर्जी कुशल मजदूर बनाकर लाखों रुपये ट्रांसफर करने तथा मनरेगा मजदूरी में गड़बड़ी का आरोप शामिल था।
लोकपाल ने आठ अक्तूबर को गांव पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया, ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए तथा दस्तावेजों की जांच की। जांच में चारों शिकायतें पूरी तरह गलत पाई गईं। इतना ही नहीं, एक शिकायत भूपेंद्र नाम से भी दर्ज थी, लेकिन जांच में खुलासा हुआ कि दोनों नामों का इस्तेमाल कोई तीसरा व्यक्ति कर रहा था।
लोकपाल कांडपाल ने बताया कि मनरेगा पर ग्रामीणों की आजीविका निर्भर है, ऐसे में झूठी शिकायतों के चलते कार्यों पर लगी रोक का नुकसान ग्रामीणों को उठाना पड़ा। गलत शिकायत करने पर शिकायतकर्ता के खिलाफ 51 हजार रुपये का अर्थदंड तय किया गया है। जांच रिपोर्ट सीएम पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है।
