भीमताल–कैंचीधाम–भवाली रोपवे परियोजना का सर्वे शुरू
पर्यटन को मिलेगी रफ्तार, जाम से राहत और समय की बचत।
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता | भीमताल
पर्यटन सुविधाओं को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो आने वाले समय में कैंचीधाम, भीमताल, भवाली और नैनीताल आने वाले सैलानियों को रोपवे की बड़ी सुविधा मिल सकेगी। इसके लिए रानीबाग से भीमताल, भवाली, कैंचीधाम और नैनीताल तक प्रस्तावित रोपवे परियोजना का सर्वे कार्य शुरू कर दिया गया है।
परियोजना के सुपरवाइजर मयंक श्रीवास्तव ने बताया कि लगभग 35 किलोमीटर लंबी रोपवे लाइन प्रस्तावित है, जिसमें पांच स्टेशन बनाए जाने की योजना है। इनमें रानीबाग, भीमताल, भवाली, कैंचीधाम और नैनीताल शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि भवाली से कैंचीधाम और नैनीताल के लिए ‘V’ आकार के रोपवे का सर्वे किया जाएगा।
भीमताल सिडकुल क्षेत्र के मिनी स्टेडियम के पास आधुनिक मशीनों के माध्यम से सर्वे कार्य शुरू हो चुका है, जिसमें अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह परियोजना केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मानी जा रही है।
रोपवे के बन जाने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि भीमताल, भवाली और कैंचीधाम में लगने वाले जाम से भी बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही सैलानियों का समय भी बचेगा। परियोजना का मुख्य केंद्र रानीबाग रहेगा, जिससे रानीबाग से भीमताल और भवाली के बीच जाम की समस्या लगभग खत्म हो जाएगी।
