भीमताल में पार्किंग निर्माण ठप, व्यापारियों का फूटा गुस्सा।
सोमवार को धरना, आंदोलन की चेतावनी।
दर्पण न्यूज 24/7संवाददाता | भीमताल
नगर की बहुप्रतीक्षित पार्किंग निर्माण योजना एक बार फिर विवादों में घिर गई है। शिलान्यास के डेढ़ माह बाद भी निर्माण कार्य शुरू न होने से व्यापारियों में भारी आक्रोश है। नाराज़ व्यापारियों ने सोमवार को धरना प्रदर्शन का ऐलान किया है और चेतावनी दी है कि यदि इसके बाद भी काम शुरू नहीं हुआ तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
गौरतलब है कि भीमताल में पार्किंग निर्माण की घोषणा वर्ष 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने की थी, लेकिन अब तक यह योजना धरातल पर नहीं उतर सकी।
बीते 20 नवंबर 2025 को विधायक राम सिंह कैड़ा द्वारा पार्किंग निर्माण का शिलान्यास किया गया था, लेकिन जिला विकास प्राधिकरण द्वारा अब तक एक पत्थर भी नहीं रखा गया है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जोशी ने कहा कि शिलान्यास के बावजूद कार्य शुरू न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सचिव प्राधिकरण के आश्वासन के बाद भी काम नहीं होने से व्यापारियों का सब्र जवाब दे गया है, जिसके चलते सोमवार से धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
व्यापारी मनोज भट्ट ने कहा कि लंबे समय से पार्किंग की मांग की जा रही है। धनराशि स्वीकृत होने और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद कार्य शुरू न होना अधिकारियों की मनमानी और लापरवाही को दर्शाता है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
