खबरें शेयर करें -

रामनगर कोर्ट में हाई वोल्टेज ड्रामा: हत्या के आरोपी ने निगला ज़हर, मची अफरा-तफरी!

दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता
रामनगर। रामनगर कोर्ट परिसर में बुधवार को उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब हत्या के एक आरोपी युवक ने अपनी पेशी के दौरान ज़हर खाने का दावा कर दिया। अचानक हुई इस घटना से कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और पुलिस-प्रशासन में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार रामनगर निवासी कौशल चिलवाल हत्या के मुकदमे में तारीख पर न्यायालय पहुंचा था। इसी दौरान कोर्ट से पुलिस को सूचना मिली कि युवक ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है। सूचना मिलते ही सीओ सुमित पांडे, कोतवाल सुशील कुमार, कालाढूंगी कोतवाल अरुण कुमार सैनी, वरिष्ठ उप निरीक्षक महेंद्र प्रसाद और एसएसआई दीपक बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को तत्काल रामनगर संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक से पूछताछ और प्राथमिक चिकित्सकीय जांच की, लेकिन किसी भी प्रकार के ज़हर सेवन की पुष्टि नहीं हुई। चिकित्सकों का कहना है कि युवक द्वारा कोई विषैला पदार्थ नहीं खाया गया है। हालांकि एहतियातन उसे विस्तृत जांच के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
सीओ सुमित पांडे ने बताया कि कौशल चिलवाल हत्या से जुड़े मामले में तारीख पर आया था। प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने पुलिस और न्यायालय पर दबाव बनाने के उद्देश्य से ऐसा कदम उठाने की कोशिश की हो। इस संबंध में सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार कौशल चिलवाल का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। उसके खिलाफ रामनगर और कालाढूंगी क्षेत्र में कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सीओ ने कहा कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई है।
दर्पण न्यूज 24/7

उत्तराखंड