दर्पण न्यूज 24/7 | ऋषिकेश
देर रात की दस्तक बनी मौत का पैगाम: शिवाजी नगर में महिला की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत!
ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जब घर में घुसकर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस निर्मम घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतका की पहचान मूल रूप से यमकेश्वर निवासी 35 वर्षीय प्रीति के रूप में हुई है, जो एम्स ऋषिकेश में अटेंडेंट के पद पर कार्यरत थी। प्रीति कुछ समय पहले तलाक ले चुकी थी, जबकि उसका करीब 8 वर्षीय बेटा गांव में नाना के पास रहता है। वह शिवाजी नगर में किराए के कमरे में अकेली रह रही थी।
कैसे हुई वारदात
शनिवार रात करीब 10 बजे प्रीति अपने कमरे में अकेली थी। इसी दौरान एक युवक उसके कमरे पर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। पुलिस के अनुसार, प्रीति ने अंदर का लकड़ी वाला दरवाजा खोला, जबकि बाहर लगा जालीदार दरवाजा बंद ही रहा। आरोप है कि युवक ने जाली के बीच से सीधे प्रीति के सीने में गोली दाग दी।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल प्रीति को एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या किसी जान-पहचान वाले व्यक्ति ने की है। मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी की तलाश तेज कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घटना स्थल पर अफरा-तफरी
जिस इलाके में प्रीति रहती थी, वह एम्स के पीछे स्थित अपेक्षाकृत सुनसान क्षेत्र है। कमरे के मुख्य दरवाजे पर लकड़ी और जाली की दोहरी व्यवस्था थी। पुलिस के अनुसार, गोली जालीदार दरवाजे के बीच से मारी गई। जांच के दौरान पुलिस को जाली वाला दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एसपी देहात जया बलूनी भी पहुंचीं और पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस जघन्य हत्याकांड ने ऋषिकेश में कानून-व्यवस्था और अकेली कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाके में दहशत का माहौल है और लोग आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
