खबरें शेयर करें -

वन किनारे से गुजरेगी फोरलेन रिंग रोड: ग्रामीणों में खुशी की लहर, विधायक बंशीधर भगत का अभिनंदन!

दर्पण न्यूज 24/7
हल्द्वानी। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के लिए बहुप्रतीक्षित फोर लेन पेरीफेरल रिंग रोड परियोजना अब धरातल पर उतरने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ गई है। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत प्रस्तावित रिंग रोड के नए सर्वे एवं वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया के लिए शासन स्तर से प्रथम चरण में 26.35 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। जनभावनाओं के अनुरूप वन क्षेत्र की फायर लाइन के किनारे-किनारे रिंग रोड के नए रूट को स्वीकृति मिलने की सूचना पर आसपास के ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं पूर्व में प्रभावित हो रहे परिवारों ने शनिवार को विधायक बंशीधर भगत के आवास पहुंचकर उनका जोरदार स्वागत व अभिनंदन किया और रिंग रोड निर्माण की पहल के लिए आभार जताया।
लामाचौड़ से रामपुर रोड स्थित बेल बाबा क्षेत्र तक के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा लंबे समय से रिंग रोड के नए सर्वे की मांग की जा रही थी। यह मांग केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं थी, बल्कि क्षेत्रीय किसानों व नागरिकों की कृषि भूमि और निजी संपत्तियों की सुरक्षा से भी जुड़ी थी। इसी क्रम में जनप्रतिनिधियों व स्थानीय नागरिकों ने विधायक बंशीधर भगत से विस्तार से चर्चा की। विधायक भगत ने स्वयं प्रस्तावित मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों से संवाद किया और उनकी चिंताओं को शासन स्तर तक प्रभावी ढंग से रखा।
नए सर्वे के अनुसार फोर लेन पेरीफेरल रिंग रोड राज्यमार्ग संख्या–41 (कालाढूंगी भाखड़ा सेतु) से प्रारंभ होकर जंगल की फायर लाइन से होते हुए वन क्षेत्र के किनारे-किनारे चलते हुए बेल बाबा के समीप राज्यमार्ग संख्या–5 (रुद्रपुर रोड) से जुड़ेगी। प्रस्तावित मार्ग की कुल लंबाई 18.674 किलोमीटर निर्धारित की गई है। इससे कृषि भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ-साथ क्षेत्र को एक सुरक्षित, वैकल्पिक और सुगम यातायात मार्ग मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि कालाढूंगी विधानसभा की जनता लंबे समय से फोर लेन रिंग रोड की मांग कर रही थी, लेकिन साथ ही यह अपेक्षा भी थी कि किसी नागरिक की भूमि या आजीविका को नुकसान न पहुंचे। जनता की भावनाओं, भूमि संरक्षण और क्षेत्र की दीर्घकालिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस विषय को लगातार शासन स्तर पर उठाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं। सड़क, पेयजल, बिजली सहित आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। यह परियोजना क्षेत्रीय विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इसके पूर्ण होने पर कालाढूंगी, हल्द्वानी, रुद्रपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुरक्षित, सुचारू और समयबद्ध होगा।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़, प्रदेश प्रवक्ता विकास भगत, प्रताप बोरा, गणेश शाह, कंचन उप्रेती, मीना निगल्टिया, महेश शर्मा, कुंदन बोरा, प्रमोद तोलिया, सुरेश गौड़, ग्राम प्रधान मनीष कुल्याल, नरेश बजवाल, दलीप बिष्ट, मनीष भट्ट, किशन दरम्वाल, कमल बेलवाल, त्रिवेणी गयाल, विनोद निगल्टिया, हरीश बिष्ट, महेश भगत, ललित नेगी, सतवंत सिंह, नरेंद्र सिंह, जसविंदर जस्सा, चंद्रशेखर आर्या, पार्षद प्रमोद पंत, चंद्रप्रकाश आर्या, मनोज जोशी, दीपक सनवाल, त्रिलोक निगल्टिया, प्रकाश पटवाल, दिगंबर भोजक, अक्षय सुयाल, नवीन उपाध्याय, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि रवि कुरिया, नीरज चौरसिया, प्रकाश जोशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।