आरटीओ दफ्तर पर जिलाधिकारी रयाल ने मारा अचानक छापा!
दलालों में हड़कंप, कार्यालय से फरार — कर्मचारियों को नेम प्लेट–आई कार्ड अनिवार्य!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी।
आरटीओ कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया जब जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने अचानक छापेमारी कर दी। डीएम की इस कार्रवाई से जहां विभागीय अधिकारियों में खलबली मच गई, वहीं कार्यालय परिसर में सक्रिय दलाल मौके से फरार हो गए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने आरटीओ कार्यालय के सभी अनुभागों का बारीकी से जायजा लिया और कर्मचारियों को नेम प्लेट व आई-कार्ड अनिवार्य रूप से पहनने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि विभाग में किसी भी प्रकार का काम लंबित नहीं रहना चाहिए।
डीएम रयाल ने दो टूक कहा कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति ड्राइविंग लाइसेंस या वाहन पंजीकरण जल्द कराने के नाम पर हस्तक्षेप करता है, तो उसे तत्काल कार्यालय परिसर से बाहर किया जाए और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही उन्होंने आरटीओ कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों और रिकॉर्ड सिस्टम को दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और आम जनता को बिना परेशानी सेवाएं मिल सकें।
इस मौके पर आरटीओ हल्द्वानी गुरदेव सिंह सहित परिवहन विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।
