होली पर शांति और सौहार्द की मिसाल बनेगा लालकुआं, पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। होली पर्व को शांतिपूर्वक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आया। आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने तथा कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा नगर क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल एवं महिला पीएसी कर्मियों ने लालकुआं नगर के मुख्य बाजार, बंगाली कॉलोनी, हाथी खाना तथा 25 एकड़ क्षेत्र सहित विभिन्न संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया। अनुशासित ढंग से निकाले गए इस फ्लैग मार्च ने जहां असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत किया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने अथवा माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की सक्रिय कार्यप्रणाली का ही परिणाम है कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहती है। प्रशासन ने बताया कि होली पर्व तक लगातार गश्त, सघन चेकिंग अभियान तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी जारी रहेगी, ताकि लालकुआं में रंगों का यह पर्व पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी ने यह संदेश दिया है कि सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और जनता की शांति सर्वोच्च प्राथमिकता है।
