रिहाई की उम्मीदों को फिर झटका: ब्रिटेन में कैद कैप्टन अजय पंत के मामले की सुनवाई टली, परिवार की बढ़ी चिंता!
दर्पण न्यूज 24/7 | रामनगर | संवाददाता: करन तिवारी!
रामनगर। उत्तराखंड के रामनगर निवासी मर्चेंट नेवी के कैप्टन अजय पंत की रिहाई का इंतजार कर रहे परिवार को एक बार फिर निराशा का सामना करना पड़ा है। 16 जुलाई को ब्रिटेन की अदालत में होने वाली सुनवाई से परिजनों को बड़ी राहत की उम्मीद थी, लेकिन अदालत ने मामले की सुनवाई आगे बढ़ा दी। अब परिवार अगली तारीख का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।
कैप्टन अजय पंत जून माह से ब्रिटेन में हिरासत में हैं। वह रूस से भारत के लिए तेल लेकर आ रहे एक जहाज पर बतौर कैप्टन तैनात थे। इसी दौरान ब्रिटेन में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद से ही उनके परिवार ने हर संभव स्तर पर उनकी रिहाई के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
परिजनों ने नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सांसद अजय भट्ट और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी से भी हस्तक्षेप की अपील की है। वहीं उत्तराखंड सरकार ने भी भारतीय दूतावास के माध्यम से मामले में आवश्यक पहल की है। इसके अलावा कई सामाजिक संगठनों ने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर कैप्टन अजय पंत की शीघ्र रिहाई सुनिश्चित कराने की मांग की है।
कैप्टन अजय पंत के पिता वी.सी. पंत ने बताया कि पूरे परिवार को विश्वास था कि 16 जुलाई की सुनवाई के बाद उनके बेटे को राहत मिलेगी और रिहाई का रास्ता साफ होगा, लेकिन अदालत द्वारा सुनवाई टाल दिए जाने से परिवार की उम्मीदों को गहरा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि अभी तक अगली सुनवाई की तारीख की भी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
परिवार का कहना है कि हर गुजरता दिन उनकी चिंता और बेचैनी बढ़ा रहा है। अब सभी की निगाहें अदालत की अगली सुनवाई पर टिकी हैं और परिवार ईश्वर से कैप्टन अजय पंत की सुरक्षित व शीघ्र भारत वापसी की प्रार्थना कर रहा है।
