खबरें शेयर करें -

मुक्तेश्वर में अवैध बहुमंजिला निर्माण पर आयुक्त दीपक रावत सख्त, भू-कानून के दुरुपयोग की आशंका, जांच के आदेश!

रिसॉर्ट और होमस्टे की आड़ में बड़े निर्माण! डीएम नैनीताल और विकास प्राधिकरण को विस्तृत जांच के निर्देश!

नैनीताल/मुक्तेश्वर। नैनीताल जिले के पर्यटन क्षेत्र मुक्तेश्वर में तेजी से हो रहे बहुमंजिला निर्माण और रिसॉर्ट्स पर कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने कड़ा रुख अपनाया है। क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बड़े पैमाने पर चल रही निर्माण गतिविधियों पर गंभीर चिंता जताते हुए भू-कानून के संभावित उल्लंघन की आशंका व्यक्त की है।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कुछ लोग समूह बनाकर बड़े स्तर पर इमारतों और रिसॉर्ट्स का निर्माण करा रहे हैं। इतना ही नहीं, कई स्थानों पर होमस्टे योजना का लाभ लेते हुए बड़े व्यावसायिक निर्माण किए जाने की बात भी सामने आई है, जिससे सरकारी योजनाओं के दुरुपयोग की स्थिति बनती दिख रही है।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि मुक्तेश्वर जैसे संवेदनशील पर्वतीय और पर्यटन क्षेत्र में अनियोजित तरीके से बहुमंजिला इमारतों का निर्माण बेहद चिंताजनक है। यदि योजनाओं का दुरुपयोग कर इस तरह के निर्माण किए जा रहे हैं तो यह सीधे तौर पर भू-कानून की भावना के विपरीत है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त ने जिलाधिकारी नैनीताल और जिला विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए हैं कि मुक्तेश्वर क्षेत्र में बन रही सभी बहुमंजिला इमारतों, रिसॉर्ट्स और बड़े निर्माण कार्यों की विस्तृत जांच कराई जाए। साथ ही पूरे प्रकरण की रिपोर्ट जल्द प्रशासन को प्रस्तुत करने को कहा गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में नियमों के उल्लंघन, अवैध निर्माण या योजनाओं के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रशासन को भविष्य में इस तरह के निर्माण कार्यों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि पहाड़ों में भू-कानून का दुरुपयोग रोका जा सके।
— दर्पण न्यूज 24/7

उत्तराखंड