खबरें शेयर करें -

टांडा रेंज में अवैध कटान पर नया विवाद: अज्ञात आरोपियों पर जुर्माना लगा मामले की ‘इति-श्री’ कर रहा वन विभाग?

दर्पण न्यूज 24/7, लालकुआं।

तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर डिवीजन के अंतर्गत टांडा रेंज की पत्थरचट्टा बीट में सागौन और शीशम के पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में अब नया विवाद खड़ा हो गया है। वन विभाग जहां इसे तीन माह पुराना प्रकरण बताते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई किए जाने की बात कह रहा है, वहीं स्थानीय लोग इसे महज औपचारिक कार्रवाई बताकर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जंगल के भीतर सागौन और शीशम जैसे कीमती पेड़ों पर आरा चलने की घटना मामूली नहीं है। ऐसे में केवल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई कर मामले को निपटा देने का दावा करना कई सवाल खड़े करता है। लोगों का कहना है कि जब आरोपी ही अज्ञात हैं तो फिर जुर्माना किस आधार पर लगाया गया और असल दोषियों तक विभाग क्यों नहीं पहुंच पाया।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते जंगलों में नियमित गश्त और निगरानी होती तो इतने बड़े स्तर पर पेड़ों की कटाई संभव ही नहीं थी। ऐसे में इस पूरे मामले में विभागीय लापरवाही या संभावित मिलीभगत की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

इधर टांडा के वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम का कहना है कि यह मामला लगभग तीन माह पुराना है और विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जुर्माना लगाया जा चुका है। साथ ही इसमें शामिल आरोपियों की तलाश भी जारी है।

हालांकि सवाल अब भी कायम है कि क्या केवल अज्ञात आरोपियों पर जुर्माने की कार्रवाई कर वन विभाग इस पूरे प्रकरण की इति-श्री मान लेगा, या फिर जंगलों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले की गहराई से जांच कर असली दोषियों तक पहुंचने की कोशिश की  जाएगी।

उत्तराखंड