खबरें शेयर करें -

नैनीताल में गैस एजेंसियों से सिलेंडर वितरण पर तत्काल रोक, अब केवल डोर-टू-डोर होगी आपूर्ति!
दर्पण न्यूज 24/7 | नैनीताल
जनपद नैनीताल में गैस एजेंसियों पर बढ़ती भीड़ और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल की स्वीकृति के बाद गैस एजेंसियों से सीधे घरेलू गैस सिलेंडर वितरण को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के बीच जनपद में गैस आपूर्ति को लेकर लोगों में भ्रम की स्थिति बन रही है। हालांकि गैस गोदामों में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है, लेकिन अत्यधिक फोन कॉल के कारण ऑनलाइन बुकिंग, डीएससी और ओटीपी जनरेशन की प्रक्रिया बाधित हो रही है।
इसके चलते बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपने परिवार और वाहनों के साथ गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना के साथ ही गैस वितरण व्यवस्था में भी अनावश्यक बाधा उत्पन्न हो रही है।
स्थिति को नियंत्रित करने और उपभोक्ताओं तक गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने निर्णय लिया है कि अब गैस एजेंसियों से सीधे सिलेंडर वितरण बंद रहेगा।
आदेश के अनुसार जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग फोन, एसएमएस या मोबाइल एप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे केवल गैस बुकिंग कराने के लिए ही एजेंसी पर जा सकेंगे। सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि बुकिंग के आधार पर उपभोक्ताओं तक डोर-टू-डोर घरेलू गैस सिलेंडर वितरण सुनिश्चित किया जाए।
अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) नैनीताल द्वारा जारी यह आदेश 13 मार्च 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।

उत्तराखंड