खबरें शेयर करें -

सेंचुरी पेपर मिल की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा, गैस सिलेंडर में लगी भीषण आग पर दमकल टीम ने पाया काबू!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। कोतवाली क्षेत्र के बिंदुखत्ता में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हनुमान मंदिर के पास स्थित एक घर में एलपीजी गैस सिलेंडर के वाल्व में अचानक भीषण आग भड़क उठी। समय रहते सेंचुरी पेपर मिल की दमकल टीम और पुलिस की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे क्षेत्र में संभावित बड़ी त्रासदी टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिंदुखत्ता स्थित हनुमान मंदिर के समीप श्री डिगर सिंह दानू के घर में गैस सिलेंडर के वाल्व में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते ही घर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल टीम को दी।
सूचना मिलते ही सेंचुरी पेपर मिल का मिनी फायर टेंडर और स्थानीय पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। मौके पर पहुंचे पुलिस कांस्टेबल दिलीप कुमार तथा सेंचुरी मिल के फायरमैन अक्षय राजपूत और कमल सिंह ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत मोर्चा संभाला। दमकल कर्मियों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया और दोपहर करीब 12:25 बजे तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।
सेंचुरी पेपर मिल की तत्परता की हो रही सराहना
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने सेंचुरी पेपर मिल प्रबंधन और उसकी दमकल टीम की जमकर सराहना की। जिस तेजी और पेशेवर अंदाज में मिल की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, उससे एक परिवार को बड़ी दुर्घटना से बचा लिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सेंचुरी पेपर मिल का दमकल विभाग अक्सर आपात स्थितियों में क्षेत्रवासियों की मदद के लिए सबसे पहले पहुंचता है। मिल प्रबंधन द्वारा दमकल टीम को प्रशिक्षित और हर समय मुस्तैद रखने का ही परिणाम है कि आज एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।
संकट की इस घड़ी में सेंचुरी पेपर मिल की दमकल टीम और पुलिस की तत्परता को क्षेत्रीय जनता ने सराहा और उनका आभार व्यक्त किया।

उत्तराखंड