खबरें शेयर करें -

घर बैठे मिलेगा गैस सिलेंडर, घबराहट में एडवांस बुकिंग न करें!
दर्पण न्यूज 24/7 | देहरादून, संवाददाता
देहरादून में रसोई गैस की किल्लत की खबरों के बीच तेल कंपनियों ने उपभोक्ताओं से घबराने की जरूरत नहीं होने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में गैस की आपूर्ति जारी है और लोगों को रात में गैस एजेंसियों के बाहर लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ता सामान्य तरीके से बुकिंग करें, सिलेंडर उनकी होम डिलीवरी के माध्यम से घर तक पहुंचाया जाएगा।
जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम पहुंचे आईओसी के सहायक प्रबंधक राकेश सिंह ने बताया कि सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब 50 हजार गैस सिलेंडरों की आपूर्ति होती थी, जिसमें वर्तमान में लगभग 20 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि कुछ उपभोक्ता घबराकर अपने कोटे के खत्म होने की आशंका में एडवांस बुकिंग करा रहे हैं, जिससे सिस्टम में बैकलॉग बढ़ रहा है और वितरण प्रभावित हो रहा है।
इधर प्रमुख सचिव खाद्य एल. फैनई ने सभी जिलाधिकारियों और जिला पूर्ति अधिकारियों को गैस एजेंसियों व गोदामों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट कहा है कि कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फोन व्यस्त हो तो इन विकल्पों से करें गैस बुकिंग
तेल कंपनी ने उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के लिए कई आसान विकल्प उपलब्ध कराए हैं—
WhatsApp बुकिंग: 7588888824
मिस्ड कॉल बुकिंग: 8454955555
SMS/IVRS बुकिंग: 7718955555
डिजिटल माध्यम: Indian Oil One ऐप, पोर्टल cx.indianoil.in या Paytm/PhonePe (BBPS) के जरिए भी बुकिंग की जा सकती है।
प्रशासन और कंपनियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भीड़ से बचें, ताकि सभी को समय पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

उत्तराखंड