ओलों की सफेद चादर से ढका नैनीताल, बागेश्वर में आंधी-तूफान के साथ बारिश; ठंड ने फिर दी दस्तक!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो
नैनीताल। पहाड़ों के मौसम ने रविवार को अचानक करवट लेते हुए लोगों को हैरान कर दिया। सुबह तेज गरज-चमक के साथ हुई ओलावृष्टि से नैनीताल शहर कुछ देर के लिए ओलों की सफेद चादर से ढक गया। वहीं बागेश्वर जिले में लंबे इंतजार के बाद बारिश के साथ तेज आंधी-तूफान ने दस्तक दी, जिससे मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
नैनीताल में सुबह से ही आसमान घने बादलों से घिरा रहा। सुबह करीब पौने सात बजे अचानक तेज गरज-चमक के साथ ओले गिरने लगे। कुछ ही मिनटों में सड़कों और छतों पर ओलों की परत जम गई, जिससे शहर में सफेद चादर बिछी हुई नजर आई। हालांकि ओलावृष्टि कुछ ही देर तक रही, लेकिन इसके बाद रुक-रुककर दोपहर दो से तीन बजे तक बूंदाबांदी होती रही। बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम काफी सुहावना हो गया और पहाड़ियों में छाई धुंध भी छंट गई।
उधर बागेश्वर जिले में भी रविवार को मौसम बदला। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को राहत मिली जब सुबह ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। करीब दस बजे के बाद कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश होने लगी। बारिश से घाटियों में छाई धुंध भी साफ हो गई।
दरअसल, पिछले कई दिनों से जंगलों में लगी आग के कारण आसमान में धुएं और धुंध की परत छाई हुई थी, जिससे लोगों की आंखों में जलन और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सामने आ रही थीं। बारिश होने से वातावरण काफी हद तक साफ हो गया और लोगों को राहत मिली।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में जिले के कई हिस्सों में फिर से तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
