खबरें शेयर करें -

कार हटाने को लेकर विवाद, ग्राम प्रधान व पत्नी पर जानलेवा हमला।
दोनों गंभीर रूप से घायल, हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती।
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं (नैनीताल)।
मोटाहल्दू के पदमपुर देवलिया क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम प्रधान रमेश जोशी और उनकी पत्नी पर पड़ोसी द्वारा कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। दोनों को गंभीर चोटें आने पर हल्द्वानी के सुशीला तिवारी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम ग्राम प्रधान के घर के बाहर उनके पड़ोसी ने कार खड़ी कर दी थी। ग्राम प्रधान की पत्नी ने वाहन हटाने को कहा, क्योंकि उन्हें अपनी कार निकालनी थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
ग्राम प्रधान रमेश जोशी का आरोप है कि पड़ोसी ठाकुर सिंह मेहरा और उनके परिवार के सदस्यों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। हमले में उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि उनकी पत्नी को भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड